Home उत्तराखंड UKSSSC परीक्षा: डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

UKSSSC परीक्षा: डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

4
0

चमोली। 14 जून को होने वाली UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को डीएम गौरव कुमार और एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनपद में चमोली, गोपेश्वर, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर क्षेत्र में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों को 4 जोन और 18 सेक्टरों में बांटकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 BNSS लागू रहेगी।

एसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर एचएचएमडी से जांच, सीसीटीवी निगरानी, जैमर की जांच तथा मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराया जाएगा।