नारायणबगड़, संवाददाता।
विकासखंड नारायणबगड़ सभागार में शनिवार को एनआरएलएम एवं रीप परियोजना के तहत गठित आजीविका क्लस्टर लेवल फेडरेशन (स्वायत्त सहकारिता) की तृतीय वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अर्जित लाभ में से कुल ₹1.47 लाख का लाभांश सदस्यों के बीच वितरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, खंड विकास अधिकारी बीरेंद्र असवाल, सहकारिता की अध्यक्ष रेखा देवी तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने स्वयं सहायता समूहों की नियमित बैठकों एवं सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। वहीं बीडीओ बीरेंद्र असवाल ने समूहों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और भविष्य में अधिक लाभ अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विभाग के मानवेन्द्र नेगी ने किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं और तकनीकों की जानकारी दी। रीप चमोली के सहायक प्रबंधक राजबर बिष्ट ने परियोजना की विस्तृत जानकारी साझा की। वित्त एवं मूल्यांकन सहायक किशोर सती ने ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि आजीविका समन्वयक शशिकांत बहुगुणा ने नई कार्यकारिणी एवं उपसमितियों के गठन की प्रक्रिया संपन्न कराई।
सहायक प्रबंधक महेंद्र कफोला ने नवगठित पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। ब्लॉक प्रमुख एवं ज्येष्ठ प्रमुख ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। सहायक प्रबंधक सुबोध बलोनी ने आयवर्धक गतिविधियों तथा ताजबर गुसाईं ने स्थानीय उत्पादों के विपणन पर जानकारी दी। ब्लॉक मिशन प्रबंधक आलोक नेगी ने बचत एवं बैंकिंग व्यवस्था पर विस्तार से प्रकाश डाला।
आम सभा में हरमनी क्लस्टर की रेखा देवी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। लाभांश वितरण पर ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने क्लस्टर की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष रेखा देवी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों के स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा क्लस्टर स्टाफ तन्नू, विशाल, मोनिका, नरेंद्र और नीमा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








