विधिक सेवा प्राधिकरण, सीपीबीसीईडी व वन विभाग के संयुक्त अभियान में विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
गोपेश्वर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत शनिवार को दशोली ग्राम स्वायत्त मंडल, टंगसा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली, चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र (सीपीबीसीईडी), गोपेश्वर तथा वन विभाग, चमोली के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण विषय पर गोष्ठी, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, बच्छेर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। गोष्ठी में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, संविधान के अनुच्छेद 48(क) एवं अनुच्छेद 51(क)(g) के तहत पर्यावरण संरक्षण के दायित्वों तथा प्रकृति संरक्षण में नागरिकों की भूमिका की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
गोष्ठी के उपरांत छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से 60 पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने “एक पेड़ मां के नाम”, “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ” और “स्वच्छ पर्यावरण-स्वस्थ जीवन” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली पुनीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की कानूनी एवं नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों पर भी लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है।
चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र के प्रबंधक न्यासी ओम भट्ट ने हिमालयी क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों एवं जैव विविधता के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल समीर बहुगुणा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल मोहन पंत, मंगला कोठियाल, मनोज तिवारी (संकल्प अभियान) तथा अबक सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, बच्छेर के शिक्षक विक्रांत नेगी, तेजपाल सिंह रावत, नरेश सिंह रावत सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन विनय सेमवाल ने किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।








