शहीद परिवार का सम्मान, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित, आदर्श गांव बनाने की मांग का सांसद को भेजा गया ज्ञापन
नंदानगर/चमोली, 25 जुलाई।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अमर शहीद हिम्मत सिंह नेगी इंटर कॉलेज, बांसवाड़ा (नंदानगर) में शनिवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित कर कारगिल युद्ध के वीर सपूत अमर शहीद हिम्मत सिंह नेगी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में थराली विधायक भोपाल राम टम्टा मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद हिम्मत सिंह नेगी एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने शहीद हिम्मत सिंह नेगी के परिजनों को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया।

मेला समिति अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय बांसवाड़ा, जूनियर हाई स्कूल बांसवाड़ा, अमर शहीद हिम्मत सिंह नेगी इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटर कॉलेज दुर्ग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न गांवों से पहुंची महिला मंगल दलों ने भी लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
समारोह में वर्ष 2025 एवं 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बालक सिंह भंडारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की विभिन्न समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।

इस अवसर पर ग्राम सभा बांसवाड़ा को आदर्श गांव घोषित किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता की ओर से सांसद अनिल बलूनी के नाम ज्ञापन विधायक भोपाल राम टम्टा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट के माध्यम से प्रेषित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक भोपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने शहीद हिम्मत सिंह नेगी के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश ऐसे वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर शिक्षकों की सराहना की तथा छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान विधायक भोपाल राम टम्टा ने बांसवाड़ा में हेलीपैड निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भी अपने विचार रखे। कई समाजसेवियों ने नवप्रवेशी छात्राओं की शुल्क सहायता की घोषणा कर शिक्षा के प्रति सहयोग का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चमोली द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन नहीं किया गया, जिससे लोगों में निराशा रही।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक प्रकाश चंद गौड़ ने किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम बांसवाड़ा की संगम जनता, नवयुवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल का विशेष सहयोग रहा।








