Home उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े लंबित कार्यों में लाई जाएगी...

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े लंबित कार्यों में लाई जाएगी तेजी: डीएम

5
0

जिला मुख्यालय गोपेश्वर में बुधवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनके योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्मारकों, शिलापट्टों, सड़कों और अन्य सरकारी परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में गोपेश्वर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित संग्रहालय के निर्माण के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार करने को कहा गया। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज नंदप्रयाग के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण गढ़केशरी अनुसूया प्रसाद बहुगुणा के नाम पर पूरा होने तथा राजकीय इंटर कॉलेज कनखुल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भजन सिंह तोपाल के नाम से संबंधित अधिकांश कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई।
डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर सड़कों, विद्यालयों और अन्य सरकारी परिसंपत्तियों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव शीघ्र सक्षम समिति को भेजने, सरकारी अस्पतालों में सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा आवश्यकता अनुसार हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वर्ष 1942 के कर्णप्रयाग कांड की स्मृति में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित पुस्तक “आजादी के गुमनाम नायक” के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सीएमओ डॉ. राजीव पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।