Home धर्म संस्कृति स्लग: केदारनाथ यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

स्लग: केदारनाथ यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

1
0

रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। यात्रा के अंतिम चरण में भी धाम में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर बाबा केदार के जयकारों से गूंज रहा है।
मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सहूलियत मिल रही है। हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति कर रहे हैं।
केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष 22 अप्रैल से अब तक 18 लाख 95 हजार 701 श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। 11 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के बावजूद देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
श्रद्धालु पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से धाम पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस बीच धाम में तापमान में गिरावट को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े और आवश्यक दवाइयां साथ रखने तथा धाम के लिए रवाना होने से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।