Home उत्तराखंड उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के ट्रायल का डीएम ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों...

उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के ट्रायल का डीएम ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

1
0

रुद्रप्रयाग, 05 अगस्त। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत अगस्त्यमुनि क्रीड़ा स्थल पर आयोजित ट्रायल प्रतियोगिता का जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ट्रायल प्रक्रिया की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगा, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने ट्रायल में चयनित नहीं हो सके खिलाड़ियों का भी हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे निराश न हों और नियमित अभ्यास व अनुशासन के साथ आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी करें। मेहनत और लगन से भविष्य में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रायल प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी पर्याप्त अवसर देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।