Home उत्तराखंड चमोली में राष्ट्रीय राजमार्गों से हटेगा अतिक्रमण, 359 में से 92 अतिक्रमण...

चमोली में राष्ट्रीय राजमार्गों से हटेगा अतिक्रमण, 359 में से 92 अतिक्रमण हटाए गए

2
0

गोपेश्वर, चमोली। जनपद के राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स समिति की बैठक में बताया गया कि जनपद के छह राष्ट्रीय राजमार्गों पर 359 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 92 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 267 अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई जारी है।
जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत विशेष अभियान चलाकर समयबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने हाईवे किनारे अवैध पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने, हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स द्वारा नियमित निरीक्षण करने तथा नए अतिक्रमण न होने देने के लिए नगर निकायों और संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। डीएम ने राष्ट्रीय एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर दिशा-सूचक संकेतक, चेतावनी बोर्ड, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टिव टेप और अन्य सुरक्षा संरचनाओं की स्थापना एवं अनुरक्षण में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।