Home उत्तराखंड छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की खाई में गिरने से...

छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की खाई में गिरने से मौत, रातभर तलाशते रहे परिजन

2
0

नंदानगर (चमोली)। नंदानगर विकासखंड के कुरूड-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास एक स्विफ्ट कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़ (निवासी कुरूड गांव) की मौत हो गई। घटना के बाद रातभर परिजन उनकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा और बारिश के कारण हादसे का पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, संदीप गौड़ देर रात करीब दो बजे लुंतरा गांव की ओर से अपने घर कुरूड लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन खराब मौसम और अंधेरे के कारण सफलता नहीं मिली।

बुधवार सुबह सड़क के नीचे कार की नंबर प्लेट दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। आसपास तलाश करने पर खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी। सूचना मिलने पर नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर जवान के शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पंचनामा की कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर भेजा गया।

बताया जा रहा है कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। जवान की असमय मौत से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर देर रात, बारिश और फिसलन को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।