गोपेश्वर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एकल अभियान अंचल गोपेश्वर की बहनों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर टीएचडीसी टनल हादसे में घायल श्रमिकों की कलाई पर राखी बांधी और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु की कामना की। इस दौरान अस्पताल में भावुक कर देने वाला माहौल रहा।
जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन चार श्रमिक खिला राम, विनोद, दीनविंगर निवासी झारखंड और पेन सिंह निवासी छत्तीसगढ़ का उपचार चल रहा है। रक्षाबंधन के दिन एकल विद्यालय की बहनों ने अस्पताल पहुंचकर जब श्रमिकों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा तो वे भावुक हो उठे। श्रमिकों ने बताया कि वे अपने घर-परिवार से हजारों किलोमीटर दूर रहकर काम कर रहे हैं और रक्षाबंधन पर उन्हें अपने घर तथा बहनों की याद आ रही थी।
श्रमिकों ने कहा कि अस्पताल में उपचार के दौरान एकल विद्यालय की बहनों का राखी बांधने पहुंचना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण रहा। उन्होंने कहा कि इस स्नेह से उन्हें कठिन समय में भावनात्मक संबल मिला है।
एकल अभियान की बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, अपनत्व, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर भी है। कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे श्रमिक भाइयों के साथ खड़ा होना और उन्हें परिवार जैसा स्नेह देना ही रक्षाबंधन की सच्ची भावना है।
घायल श्रमिकों की देखरेख में टीएचडीसी के फार्मेसिस्ट आशीष खाली सहित उनके चार साथी भी अस्पताल में मौजूद रहे और उपचार एवं देखभाल में सहयोग कर रहे हैं।
इस अवसर पर एकल अभियान अंचल गोपेश्वर के प्रभारी अतुल साह, सचिव हरी प्रसाद मामगाईं, अंचल महिला अध्यक्ष मीना तिवारी, महिला सचिव निरजा पंवार, अंचल अभियान प्रमुख रश्मि नेगी, संभाग महिला प्रमुख दया पांड्या, अमीसा जी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन पर एकल विद्यालय की बहनों की इस पहल ने अपने परिवार से दूर रह रहे घायल श्रमिकों को भावनात्मक सहारा दिया और मानवीय संवेदना, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश दिया।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








