Home उत्तराखंड वायरल बुखार का बढ़ता प्रकोप, जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें

वायरल बुखार का बढ़ता प्रकोप, जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें

1
0

चमोली। जनपद चमोली में इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जिले के लगभग सभी विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों से वायरल बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंच रहे हैं, जिससे अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है और लोगों को लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि गांवों में बड़ी संख्या में लोग बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों की चपेट में हैं। इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने के बाद भी मरीजों को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं, वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक नेगी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से वायरल बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर भेजकर मरीजों की जांच और उपचार कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल गोपेश्वर में इन दिनों प्रतिदिन 600 से अधिक ओपीडी दर्ज की जा रही हैं। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के बेहतर उपचार के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार होने पर लापरवाही न बरतने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।