Home उत्तराखंड ड्रग्स फ्री देवभूमि” मुहिम के तहत नशे की खेती पर चमोली पुलिस...

ड्रग्स फ्री देवभूमि” मुहिम के तहत नशे की खेती पर चमोली पुलिस का प्रहार, 70 नाली भूमि पर अवैध भांग की खेती को किया नष्ट

2
0

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखण्ड प्रदेश को नशामुक्त (ड्रग्स फ्री) बनाये जाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम एवं *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* के निर्देशन में चमोली पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार एवं नशीले पदार्थों की खेती के विरुद्ध लगातार कड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर तोक, देवाल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग *70 नाली भूमि* पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया।

अभियान के दौरान टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया तथा स्थानीय ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है और ऐसा करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को भांग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने, अपने आसपास उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने तथा क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान *प्रभारी एसओजी उ0नि0 सतेन्द्र बुटोला* द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्होंने साइबर ठगों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों जैसे फर्जी KYC अपडेट, बैंक/एटीएम बंद होने का झांसा, ऑनलाइन निवेश एवं ट्रेडिंग, फर्जी लोन, नौकरी का झांसा, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर एवं संदिग्ध लिंक/QR कोड के माध्यम से होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, PIN, CVV, बैंक खाता विवरण अथवा पासवर्ड साझा न करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें। साथ ही साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करने की जानकारी दी गई। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार के बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

इस दौरान चौकी प्रभारी देवाल राकेश डिमरी, कॉस्टेबल सलमान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।