Home आलोचना नर्सिंग अधिकारी से अभद्रता और धमकी का आरोप, पीड़िता ने थाना गोपेश्वर...

नर्सिंग अधिकारी से अभद्रता और धमकी का आरोप, पीड़िता ने थाना गोपेश्वर में भी दी तहरीर

11
0

गोपेश्वर। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर के फीमेल सर्जिकल वार्ड में ड्यूटी के दौरान नर्सिंग अधिकारी के साथ मरीज के तीमारदारों द्वारा अभद्रता, गाली-गलौज, धक्का देने और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में नर्सिंग अधिकारियों ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। वहीं, पीड़ित नर्सिंग अधिकारी की ओर से थाना गोपेश्वर में भी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।शिकायत के अनुसार घटना 4 अक्टूबर 2026 की शाम की है। आरोप है कि फीमेल सर्जिकल वार्ड में ड्यूटी के दौरान नर्सिंग अधिकारी ने मरीज के तीमारदारों से मरीज को बेड पर न लेटने को कहा। इस दौरान मरीज के तीन पुरुष और एक महिला तीमारदारों ने नर्सिंग अधिकारी के साथ कथित तौर पर अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला तीमारदार घटना का वीडियो बनाने लगी। नर्सिंग अधिकारी द्वारा वीडियो बनाने से मना करने पर एक पुरुष तीमारदार ने महिला नर्सिंग अधिकारी को छाती पर धक्का दिया और वार्ड का दरवाजा बाहर से लॉक कर दिया। इसके बाद कथित रूप से नर्सिंग अधिकारी को सुबह तक कमरे में बंद रखने की धमकी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने खुद को स्थानीय बताते हुए धमकाया और नेताओं को बुलाने की बात कही। शिकायत में तीन पुरुष तीमारदारों के नशे में होने की बात भी कही गई है।
घटना के बाद अस्पताल की महिला नर्सिंग अधिकारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। नर्सिंग अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।इधर, पीड़ित नर्सिंग अधिकारी ने थाना गोपेश्वर में भी तहरीर देकर घटना की जानकारी दी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस स्तर पर कार्रवाई की मांग की गई है।

जिन पर आरोप लगे है उनका पक्ष जानने की कोशिस की जा रही है, जैसे ही उनसे सम्पर्क होता है उनका पक्ष भी रखने की कोशिस की जाएगी.