Home उत्तराखंड पोखरी के भिकोंना में 50 से अधिक श्रमिकों को मिल रहा निःशुल्क...

पोखरी के भिकोंना में 50 से अधिक श्रमिकों को मिल रहा निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण, आत्मनिर्भर बनाने की पहल

11
0

।पोखरी (चमोली)।जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत भिकोंना में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के समन्वय से डीटीआर ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 45 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से 50 से अधिक श्रमिक सिलाई का हुनर सीख रहे हैं।

डीटीआर ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड के संयोजक ललित असवाल ने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को आरपीएल और ईडीपी योजना के अंतर्गत निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चमोली जिले के विभिन्न गांवों में संचालित इस पहल का उद्देश्य श्रमिकों को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि योजनाओं के तहत सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, खाद्य प्रसंस्करण, प्लंबर और सेफ्टी सहित विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इससे श्रमिकों और उनके आश्रितों को नए कौशल सीखने के साथ अपनी आजीविका मजबूत करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुचिता देवी, राजेश्वरी देवी और सिलाई प्रशिक्षिका रितू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।