Home उत्तराखंड जोशीमठ में भालू का आतंक, एक ही परिवार के चार लोगों पर...

जोशीमठ में भालू का आतंक, एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला; सभी गंभीर घायल

83
0

जोशीमठ में भालू का आतंक, एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला; सभी गंभीर घायल
देर रात करीब तीन बजे सिंहधार वार्ड में हुई घटना, घायलों को हायर सेंटर किया रेफर; वन विभाग के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी
जोशीमठ। सीमांत नगर जोशीमठ में भालू के हमले से दहशत फैल गई है। नगर के सिंहधार वार्ड में मंगलवार देर रात भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब तीन बजे की है। भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान भालू ने एक गाय पर भी हमला किया। घटना के बाद से सिंहधार वार्ड सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वन विभाग के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भालू की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वन विभाग की टीम की त्वरित तैनाती की मांग की है।
लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के खतरे के बीच जोशीमठ क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा एक बड़ा सवाल बन गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।