Home उत्तराखंड भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र की सुरक्षा को पुलिस तैयार, 1,036 पुलिसकर्मियों की तैनाती

भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र की सुरक्षा को पुलिस तैयार, 1,036 पुलिसकर्मियों की तैनाती

3
0

भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र की सुरक्षा को पुलिस तैयार, 1,036 पुलिसकर्मियों की तैनाती
27 अक्टूबर से शुरू होगा सत्र, आईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

चमोली। भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने सोमवार को ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली। इस दौरान सभी को सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में अधिकारियों ने कहा कि विधानसभा सत्र की सुरक्षा पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों और सुरक्षा प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा अधिकृत व्यक्तियों और वैध पासधारकों को ही प्रवेश देने को कहा गया। वहीं, बैरियरों पर तैनात पुलिस बल को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा। विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा सहित सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी पुलिस बल को संबोधित किया। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
पीएसी, एसडीआरएफ और अन्य इकाइयां भी रहेंगी तैनात
विधानसभा सत्र के मद्देनजर प्रवेश द्वारों, बैरियरों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बीडीएस और हॉक टीम के कार्मिक भी शामिल रहेंगे। अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवागमन और कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा में आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट और पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ प्रह्लाद कोंडे ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
पुलिस बल का विवरण
विधानसभा सत्र की सुरक्षा के लिए 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 54 प्रभारी निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, 43 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 52 अपर उपनिरीक्षक, 460 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 67 महिला आरक्षी, 26 यातायात पुलिसकर्मी, 153 सशस्त्र पुलिसकर्मी और 120 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विशेष इकाइयों के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
चमोली पुलिस ने विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां पूरी होने की बात कही है।