चमोली: उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह संदेश प्रदेश के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दिया। उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की।
बदरीनाथ धाम में राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और विशिष्ट पहचान को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी का सामूहिक दायित्व है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने भगवान बदरी विशाल से समस्त श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने तथा प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, एडीसी जितेंद्र चौधरी, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, अलकेश नौड़ियाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








