आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद चमोली में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों कर्णप्रयाग, बद्रीनाथ एवं थराली के लिए तीन अलग-अलग जागरूकता वाहन संचालित किए जा रहे हैं। ये वाहन निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन की घोषणा किए जाने तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों के गांव-गांव पहुंचकर मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी देंगे। इस दौरान मतदाताओं को मशीनों के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन (डेमो) भी कराया जाएगा।
अभियान के दौरान मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया, वीवीपैट मशीन में प्रदर्शित होने वाली पर्ची तथा उसके माध्यम से अपने मत का सत्यापन करने की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। साथ ही मशीनों के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा, ताकि मतदाता बिना किसी भ्रम अथवा संकोच के मतदान प्रक्रिया में भाग ले सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनमें जागरूकता एवं विश्वास बढ़ाना है, ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन में अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर प्रयोग कर सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








