उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन तथा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
जनपद चमोली में उक्त परीक्षा के लिए कुल 05 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 1129 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों में अटल उत्कृष्ट श्री 1008 गीता स्वामी राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल गोपेश्वर, पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर, क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण गोपेश्वर तथा राजकीय नर्सिंग कॉलेज पटियालधार गोपेश्वर शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









