Home उत्तराखंड हरियाणा के युवाओं ने सीएम धामी से की मुलाकात, उत्तराखंड की विकास...

हरियाणा के युवाओं ने सीएम धामी से की मुलाकात, उत्तराखंड की विकास योजनाओं की सराहना

0
0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने भेंट की। युवाओं ने मुख्यमंत्री से अपने भ्रमण के अनुभव साझा किए और राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
युवाओं ने कहा कि भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और सरकार की योजनाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ रेलवे नेटवर्क के विकास की दिशा में हो रहे कार्यों की भी सराहना की।
हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने और सरकार की ओर से दी जा रही सहायता से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
युवाओं ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को भी राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न राज्यों में हो रहे नवाचारों और विकास की बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने उत्तराखंड भ्रमण के अनुभव मित्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा सकते हैं। संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच संवाद से एक-दूसरे की संस्कृति और विकास कार्यों को समझने तथा बेहतर कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने हरियाणा के युवाओं से उत्तराखंड के सकारात्मक अनुभवों को अपने प्रदेश के युवाओं के साथ साझा करने और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन एवं नवाचार के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।