Home सोशल नौ साल बाद श्रीनगर की सड़कों पर लौटी सिटी बस, मुख्यमंत्री धामी...

नौ साल बाद श्रीनगर की सड़कों पर लौटी सिटी बस, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी, महापौर आरती भंडारी का सपना हुआ साकार

2
0

मुख्यमंत्री धामी ने दी 9.35 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, महापौर आरती भंडारी के पहले वादे ने लिया मूर्त रूप; सिटी बस, ईवी चार्जिंग स्टेशन और महिला सशक्तीकरण की योजनाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में विकास, जनसुविधाओं और महिला सशक्तीकरण की दिशा में शनिवार का दिन कई सौगातें लेकर आया। महापौर आरती भंडारी की पहल और प्रयासों से शहर को करीब 9.35 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली, वहीं नौ साल से बंद पड़ी सिटी बस सेवा भी एक बार फिर पटरी पर लौट आई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 सीटर सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका नाम ‘श्रीनगर दर्शन’ रखा गया है। इसके साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण, विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहन राशि और 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गईं। इन पहलों के साथ श्रीनगर में शहरी विकास और जनसुविधाओं को नई दिशा देने की कोशिश नजर आई।

महापौर ने वादा किया पूरा, नौ साल बाद लौटी सिटी बस : महापौर आरती भंडारी के लिए इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक श्रीनगर में सिटी बस सेवा की दोबारा शुरुआत रही। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि महापौर बनने के बाद उन्होंने जनता से सबसे पहले शहर में सिटी बस सेवा शुरू कराने का वादा किया था। इससे पहले वर्ष 2017 तक सिटी बस का संचालन होता था। इसके बाद से शहरवासी इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे। अब करीब नौ साल बाद उनका यह वादा धरातल पर उतर गया है। महापौर की पहल पर जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया को भेजे गए प्रस्ताव के क्रम में अनटाइड फंड से करीब 22 लाख 48 हजार 514 रुपये की लागत से 30 सीटर बस उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाने के साथ उसकी चाबी महापौर आरती भंडारी को सौंपी। महापौर आरती भंडारी ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का आभार जताया।

‘श्रीनगर दर्शन’ नाम से संचालित होने वाली यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक चलेगी। शुरुआत में प्रतिदिन कम से कम पांच चक्कर लगाए जाएंगे। सर्दियों में सुबह आठ से रात आठ बजे और गर्मियों में सुबह सात से रात आठ बजे तक बस का संचालन होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। न्यूनतम किराया निर्धारित होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को किफायती आवागमन की सुविधा मिलेगी। शुभारंभ के दौरान नगर निगम के पार्षदों ने भी पहली बार सिटी बस में सफर किया। महापौर ने संकेत दिए कि शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जल्द ही एक और सिटी बस उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विकास योजनाओं से शहर को संवारने की पहल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम क्षेत्र में करीब 9.35 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, पार्कों का सौंदर्यीकरण सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। नगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य पर जोर : ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 2 लाख 1 हजार 530 रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया। वहीं, नगर निगम में स्वच्छता कार्यों में जुटी 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गईं। इस पहल के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी गई।

बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, महापौर की मौजूदगी में दिखा आत्मीय माहौल : कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सहज अंदाज भी आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल से हटकर बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया। जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ आए 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हालचाल जाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार बच्चों के लिए यादगार पल बन गया।

श्रीनगर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी, सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, नगर निगम के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनता से किए वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में महापौर आरती भंडारी की यह पहल श्रीनगर के शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सिटी बस सेवा की वापसी से लेकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पार्कों के विकास और महिला सशक्तीकरण तक, शनिवार को मिली सौगातों ने नगर की विकास योजनाओं को नई गति देने का संदेश दिया।