Home उत्तराखंड गैरसैंण में 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी...

गैरसैंण में 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

1
0

रामगंगा नदी पर बांध निर्माण के लिए 122.69 करोड़ रुपये का प्रावधान, बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के कार्यों का भी शिलान्यास

गैरसैंण (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण, गैरसैंण में चमोली जनपद की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाओं में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं से संबंधित कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की 122.69 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों की आधारशिला रखी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए 12.16 करोड़ रुपये तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य के लिए 22.75 लाख रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। वहीं, कुमोली-रैवान मोटर मार्ग से फरखण्डे मोटर मार्ग को जोड़ने के लिए 6.99 करोड़ रुपये और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से कुमोली-रैवान मोटर मार्ग को जोड़ने संबंधी कार्य के लिए 5.60 करोड़ रुपये की योजनाओं की शुरुआत की गई।
सड़क और सुरक्षा सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण प्रमुख है। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया।
सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के छह से 11 किलोमीटर तक 4.03 करोड़ रुपये की लागत से किए गए सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के एक से आठ किलोमीटर तक 2.17 करोड़ रुपये की लागत से हुए सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया गया।
आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
इन योजनाओं के माध्यम से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शैक्षिक सुविधाओं और आपदा सुरक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने पर जोर दिया गया है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जबकि बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य स्थानीय आबादी के लिए महत्वपूर्ण हैं। सड़क सुधार और नए भवनों से आवागमन, शिक्षा, पुलिसिंग और अग्निशमन सेवाओं को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।