Home ब्रेकिंग न्यूज़ बदरीनाथ धाम में हाई अलर्ट, पुलिस-एटीएस ने माणा सीमा तक किया फ्लैग...

बदरीनाथ धाम में हाई अलर्ट, पुलिस-एटीएस ने माणा सीमा तक किया फ्लैग मार्च

10
0

चमोली । चारधाम यात्रा के बीच बदरीनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए शुक्रवार को चमोली पुलिस, एटीएस और 7 असम एटीएस ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बदरीनाथ धाम से लेकर सीमांत गांव माणा तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने बदरीनाथ मंदिर परिसर के इनर और आउटर कार्डन क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही होटल, अस्पताल, पार्किंग और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।

धाम के मुख्य प्रवेश द्वार देवदर्शिनी बैरियर पर सुरक्षा बलों ने हर वाहन की चेकिंग की। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। वहीं माणा गांव के अंतिम छोर तक सुरक्षा बलों ने गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर सतर्क रहने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया।

चमोली पुलिस के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियां लगातार समन्वय के साथ निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही हैं।