Home उत्तराखंड चमोली में पीएमजीएसवाई के 56 पुलों में 45 तैयार, शेष कार्य समयबद्ध...

चमोली में पीएमजीएसवाई के 56 पुलों में 45 तैयार, शेष कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

3
0

गोपेश्वर, 24 जुलाई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत जनपद में निर्माणाधीन पुलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलों के साथ एप्रोच रोड का निर्माण भी प्राथमिकता से पूरा कर एंड-टू-एंड कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में प्रस्तावित 56 पुलों में से 45 का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें 39 पुल एप्रोच रोड सहित पूरी तरह संचालित हैं, जबकि 6 पुलों की एप्रोच रोड का निर्माण जारी है। इसके अलावा 11 पुलों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है।
बैठक में बकरिया बैंड-छिमटा, जंगलचट्टी-सिराना, नंदकेसरी-ग्वालदम-देवसारी तथा देवाल-खेता-मोपाटा मार्गों पर बने स्टील गर्डर पुलों सहित कई पुलों के निर्माण पूर्ण होने की जानकारी दी गई। वहीं बुंगीधार-मेहलचौरी-बछुवाबाण और देवालधार-कंडारीखोड़ मार्ग के पुलों की एप्रोच रोड का कार्य तेजी से चल रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का समय पर समाधान कर सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी एवं ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे।