Home उत्तराखंड लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, सीसीटीवी व्यवस्था और दवाओं की गुणवत्ता की हुई...

लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, सीसीटीवी व्यवस्था और दवाओं की गुणवत्ता की हुई जांच

6
0

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार जनपद में औषधियों की गुणवत्ता एवं मेडिकल स्टोरों पर औषधि नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक चमोली हार्दिक भट्ट द्वारा कर्णप्रयाग स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल स्टोरों पर औषधि लाइसेंस की वैधता, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों के क्रय-विक्रय तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम एवं उसके अंतर्गत निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच की गई। मेडिकल स्टोरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था का भी सत्यापन किया गया। इसके अलावा एक्सपायरी दवाओं के पृथक एवं सुरक्षित रखरखाव, मनःप्रभावी औषधियों के भंडारण तथा उनके क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों एवं बिलों का भी गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कर्णप्रयाग क्षेत्र से विभिन्न औषधियों के तीन नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु एकत्रित किए गए। साथ ही स्प्यूरियस (नकली/संदिग्ध) दवाओं की रोकथाम के उद्देश्य से भी तीन औषधियों के नमूने लिए गए।

औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया कि नार्कोटिक औषधियों का वितरण केवल अधिकृत चिकित्सक के वैध पर्चे के आधार पर ही किया जाए तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत लाइसेंस की सभी शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।