Home उत्तराखंड लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में बिन्दुखत्ता में बनेगा सांस्कृतिक सभागार

लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में बिन्दुखत्ता में बनेगा सांस्कृतिक सभागार

1
0

मुख्यमंत्री धामी ने लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में की घोषणा, बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का दिया भरोसा
बिन्दुखत्ता (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में एक हजार लोगों की क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, मातृशक्ति का संघर्ष, युवाओं की भावनाएं और सामाजिक चेतना दिखाई देती है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीतों के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों का संदेश दिया, वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम को अभिव्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें। प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। लोकथात जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोकभाषा, लोकगीत और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प पर काम कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों का विकास किया जा रहा है।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शेरनाला में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत व्यवस्था का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत नए बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें स्थापित की जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।