Home उत्तराखंड सांभर शिकार मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

सांभर शिकार मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

11
0

गोपेश्वर। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज में सांभर के कथित शिकार के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वन विभाग के अनुसार, घटना की सूचना 23 सितंबर को विभागीय सूचना तंत्र के माध्यम से मिली थी।
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं के नेतृत्व में अनुभाग अधिकारी मोहन सिंह, वन आरक्षी दीपक नेगी समेत वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सघन अभियान शुरू किया। अभियान रात्रि भर जारी रहा। लगातार की गई क्षेत्रीय कार्रवाई और जांच के बाद 24 सितंबर की दोपहर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
वन विभाग के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में वन विभाग की ओर से विस्तृत जांच जारी है।
प्रभागीय वनाधिकारी केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग रजत सुमन ने कहा कि वन्यजीव अपराधों की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र आधारित निगरानी और क्षेत्रीय सतर्कता को मजबूत किया गया है। अवैध शिकार समेत वन्यजीव अपराधों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।