Home उत्तराखंड राजस्व अभिलेखों में विरासत दर्ज कराने को लेकर चमोली जिले में 23...

राजस्व अभिलेखों में विरासत दर्ज कराने को लेकर चमोली जिले में 23 दिसंबर से 31 जनवरी 2021 तक राजस्व गांव क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा

33
0

चमोली :अविवादित विरासत एवं भूमिधर खातेदार की मृत्यु के उपरांत राजस्व अभिलेखों में विरासत दर्ज कराने को लेकर चमोली जिले में 23 दिसंबर से 31 जनवरी 2021 तक राजस्व गांव क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। ताकि निर्विवाद उत्तराधिकार के मामलों का गांव में ही मौके पर निस्तारण हो सके और लोगों को अपनी विरासत राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने के लिए भटकना ना पडे। जिले के सभी 74 राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्रों के 148 राजस्व गांवों में यह अभियान चलाया जाएगा।

इस विशेष अभियान के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सभी राजस्व उप निरीक्षकों, कानूनगो, नायब तहसीलदार, तहसीलदार एवं उप जिलाधिकारियों की तैनाती करते हुए राजस्व गांवों में भ्रमण के लिए रोस्टर जारी कर दिया है। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को आवंटित गांवों में अविवादित विरासत मामलों का मौके पर निस्तारण करते हुए प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। राजस्व उप निरीक्षकों को रोस्टर के अतिरिक्त अन्य सभी गांवों में भी नियमित रूप से अविवादित विरासत मामलों की जांच कर उनका भी निस्तारण करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए है कि रोस्टर में निर्धारित गांवों के अतिरिक्त भी यदि आस-पास का कोई काश्तकार अविवादित दाखिल खारिज हेतु आता है तो उनका भी निस्तारण करना सुनिश्चित करें। सभी राजस्व उप निरीक्षकों एवं राजस्व निरीक्षकों को रोस्टर के अनुसार निर्धारित तिथि पर आवंटित राजस्व ग्रामों में अनिवार्य तौर पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है।
जिलाधिकारी ने सभी राजस्व अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए है कि राजस्व ग्रामों के भ्रमण के दौरान यदि किसी विकास कार्यो, मोटर मार्ग, बिजली, पानी एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित किसान पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन आदि योजनाओं के बारे में भी जांच की जाए और कोई समस्या सामने आने पर इसकी आख्या भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में निर्धारित रोस्टर को चस्पा करते हुए इसके राजस्व ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार प्रसार करने को कहा है। ताकि अधिक से अधिक अविवादित मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो सके और लोगों को इसका फायदा मिल सके।