चमोली। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रविवार को रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन की निगरानी में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर सघन खोजबीन में जुटी हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं रेस्क्यू अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और मौके पर तैनात टीमों से समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। इसके साथ ही मलबा हटाने और टनल में फंसी मशीनों व भारी अवरोधों को बाहर निकालने का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। रेस्क्यू टीमों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता सुगम बनाने के लिए प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से साफ किया जा रहा है।
रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के अंदर हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और ऐसे सभी हिस्सों को भी खंगाला जा रहा है, जहां लापता लोगों के मौजूद होने की संभावना हो सकती है। आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए अभियान लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि आठ लोगों की मृत्यु हुई है। टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।








