Home उत्तराखंड पीपलकोटी टीएचडीसी हादसे पर UKD के गंभीर सवाल, 10 दिन में जवाब...

पीपलकोटी टीएचडीसी हादसे पर UKD के गंभीर सवाल, 10 दिन में जवाब की मांग

3
0

गोपेश्वर। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की पीपलकोटी–सियासैंण परियोजना में 13 अगस्त को हुए टनल हादसे को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने टीएचडीसी और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। UKD के प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर हादसे की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा मानकों की समीक्षा और श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की।
विरोध के दौरान टीएचडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय वर्मा ने UKD प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर उनकी मांगें सुनीं। दल ने हादसे के समय टनल के भीतर मौजूद श्रमिकों की संख्या, उनकी एंट्री-एग्जिट तथा रियल टाइम लोकेशन का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने को कहा।
UKD ने यह भी सवाल उठाया कि हादसे वाला क्षेत्र भूगर्भीय सर्वेक्षण में संवेदनशील घोषित था या नहीं। प्रोब ड्रिलिंग, जियो-टेक्निकल जांच, पानी के रिसाव की निगरानी, सेफ्टी अलार्म, इमरजेंसी एस्केप सिस्टम और एस्केप टनल से संबंधित रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई।
दल ने टनल के स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट, सेफ्टी ऑफिसर की रिपोर्ट, स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट और पूर्व में कराए गए इमरजेंसी इवैक्यूएशन मॉक ड्रिल की जानकारी भी मांगी। साथ ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए गए सुरक्षा निरीक्षण की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई।
UKD ने मृत श्रमिकों के परिजनों को कम से कम एक करोड़ रुपये तथा गंभीर घायलों को न्यायोचित मुआवजा देने की मांग की। सभी निर्माणाधीन टनलों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग भी उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना में उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों का बीमा कराने तथा प्रभावित हाट गांव को सेमलडाला–पीपलकोटी मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग भी रखी। इन मांगों पर टीएचडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय वर्मा ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
UKD ने टीएचडीसी से सभी सवालों और मांगों पर 10 दिन के भीतर लिखित जवाब देने को कहा है। दल ने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर व्यापक आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। UKD ने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर श्रमिकों और ग्रामीणों की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान UKD जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी, केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण, वरिष्ठ नेता कमल किशोर डिमरी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सर्वेश्वर पुरोहित सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।