गोपेश्वर। उत्तराखण्ड क्रांति दल (यूकेडी) जनपद चमोली द्वारा जनपद की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी एवं आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर उप जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से यूकेडी ने थराली एवं गोपेश्वर में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव एवं कथित लापरवाही के कारण हुई गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की मृत्यु की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई।
दल ने जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में ब्लड बैंक की पर्याप्त व्यवस्था, अल्ट्रासाउंड जांच की लंबी प्रतीक्षा अवधि समाप्त करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) थराली में अल्ट्रासाउंड एवं तकनीकी स्टाफ की व्यवस्था, जर्जर एम्बुलेंसों के स्थान पर नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए 24 घंटे एयर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण, राज्य आंदोलनकारी कमल किशोर डिमरी, राज्य आंदोलनकारी एस.पी. पुरोहित, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, जिला संगठन मंत्री अंकित पंत, जिला सचिव सत्य प्रसाद पांडे, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष महावीर पंवार, युवा प्रकोष्ठ दशोली ब्लॉक महामंत्री धर्मेंद्र फर्स्वाण, आईटी प्रकोष्ठ के अशोक बिष्ट, नगर अध्यक्ष पीपलकोटी सुदर्शन नेगी, सूरज नेगी, सूरज सुंद्रियाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यूकेडी पदाधिकारियों ने कहा कि पर्वतीय जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो दल जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगा।








