Home उत्तराखंड पीड़ित महिला की गुहार पर खुद कोतवाली पहुंचीं मेयर आरती भंडारी

पीड़ित महिला की गुहार पर खुद कोतवाली पहुंचीं मेयर आरती भंडारी

7
0

“न्याय दिलाने का भरोसा”, पुलिस को जल्द कार्रवाई के निर्देश

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी सोमवार को एक पीड़ित महिला की समस्या सुनने के बाद खुद श्रीनगर कोतवाली पहुंच गईं। मेयर ने पुलिस अधिकारियों से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने और पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की बात कही।

जानकारी के अनुसार, शीतला माता मंदिर रोड भक्तियाना निवासी अनीता बहुगुणा रोते हुए मेयर कार्यालय पहुंचीं और अपनी पीड़ा बताई। महिला ने आरोप लगाया कि उनके घर में 23 जनवरी को चोरी हुई थी, जिसमें सोने के गहने चोरी कर लिए गए। लगभग आठ तोला सोने के जेवर, उनका कहना है कि उन्हें चोरी करने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी है और उन्होंने पुलिस को भी पूरी जानकारी दे दी है। महिला का आरोप है कि उनके परिचित परिजन ने ही उस समय घर में चोरी की, जब वह घर पर मौजूद नहीं थीं।

पीड़िता ने बताया कि घटना के कई महीने बाद भी न तो चोरी का खुलासा हुआ और न ही उन्हें न्याय मिल पाया। उनका कहना है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। बाद में जब वह एसएसपी पौड़ी के पास पहुंचीं, तब जाकर 4 मई को मुकदमा दर्ज किया गया।

महिला की व्यथा सुनकर मेयर आरती भंडारी ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और उन्हें साथ लेकर सीधे श्रीनगर कोतवाली पहुंचीं। वहां उन्होंने पुलिस कर्मियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द समाधान निकालने को कहा। मेयर ने पीड़ित महिला को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि महिला अपनी समस्या को लेकर इतनी परेशान थी कि वह आत्महत्या तक की बात कहने लगी। मेयर ने महिला को समझाया और धैर्य रखने की सलाह देते हुए पुलिस से संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में चर्चा है कि जनप्रतिनिधि के तौर पर मेयर का इस तरह सीधे पीड़ित के साथ कोतवाली पहुंचना आम लोगों में भरोसा बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।

श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर दिया गया है, जांच जारी है, जल्द ही महिला की समस्या का समाधान किया जाएगा।