अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सोनी बिनसर के पास एक डस्टर वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
मंगलवार को दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण से उप निरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि वाहन बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और उसमें दो व्यक्ति सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
एसडीआरएफ टीम ने दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भू-भाग में रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।
मृतकों में एक की पहचान जीवन चंद्र जोशी (पुत्र पूरन सिंह जोशी), निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।








