Home ब्रेकिंग न्यूज़ मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, बदरीनाथ हाईवे सहित कई सड़कें बाधित, प्रशासन...

मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, बदरीनाथ हाईवे सहित कई सड़कें बाधित, प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील

158
0

चमोली जनपद में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी वर्षा के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बाधित हो गई हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन के अनुसार बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पागल नाला के पास मलबा आने से मार्ग प्रभावित हुआ है। हालांकि इस स्थान पर फिलहाल वाहनों की आवाजाही सावधानी के साथ जारी है। वहीं गुलाबकोटी के पास भारी मलबा आने से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग देर रात से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
उधर थराली क्षेत्र में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिला। रादीबगड़ के पास मलबा आने से सड़क बंद हो गई है, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित हुआ है।
प्रशासन का कहना है कि सभी प्रभावित स्थानों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने जनपदवासियों एवं यात्रियों से मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें, क्योंकि लगातार हो रही वर्षा के कारण भूस्खलन और अन्य आपदाओं का खतरा बना हुआ है।