Home उत्तराखंड नीति आयोग ने उत्तराखण्ड की विकास यात्रा की सराहना, स्वास्थ्य क्षेत्र में...

नीति आयोग ने उत्तराखण्ड की विकास यात्रा की सराहना, स्वास्थ्य क्षेत्र में और सुधार पर जोर

3
0

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास एवं उनकी टीम का स्वागत किया। बैठक में राज्य की विकास प्रगति, आर्थिक स्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम और नीति आयोग की सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखण्ड ने आर्थिक विकास, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। हालांकि, पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अब भी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों में कुपोषण से निपटने, टेलीमेडिसिन, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तथा हिमालयी क्षेत्रों से जुड़े स्वास्थ्य अनुसंधान के लिए नीति आयोग से तकनीकी सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता जताई।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि उत्तराखण्ड कई क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी आउटकम इंडिकेटर्स और SDG लक्ष्यों में और सुधार की जरूरत है। उन्होंने मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव, टीबी उपचार तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उप सचिव नीति आयोग दीपक कुमार, ओएसडी डॉ. शोभित कुमार सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।