Home उत्तराखंड जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, चमोली में अधिकारियों को दिया...

जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, चमोली में अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

3
0

भारत की आगामी जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत गुरुवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में जनपद चमोली के चार्ज अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के 11 चार्ज क्षेत्रों से लगभग 60 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, ग्राम एवं नगर निर्देशिका तैयार करने की प्रक्रिया, जनगणना प्रपत्रों के संधारण, अभिलेखों के सत्यापन तथा तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना के द्वितीय चरण को त्रुटिरहित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षकों ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण और नीति निर्धारण का आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में चार्ज अधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों एवं विकासखंडों के अधिकारी, उपनिरीक्षक तथा जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी सहायक मौजूद रहे। प्रशिक्षण जिला समन्वयक अमित कुमार, जिला समन्वयक नितीश रावत एवं सहायक भूलेख अधिकारी, चमोली द्वारा दिया गया।