Home उत्तराखंड लगातार बारिश से चमोली बेहाल, कर्णप्रयाग ग्वालदम मार्ग आमसौड़ के पास अवरुद्ध,जनजीवन...

लगातार बारिश से चमोली बेहाल, कर्णप्रयाग ग्वालदम मार्ग आमसौड़ के पास अवरुद्ध,जनजीवन प्रभावित

3
0

चमोली, 6 अगस्त। जनपद चमोली में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी बारिश से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग कई स्थानों पर भारी मलबा आने से अवरुद्ध हो गए हैं। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
वहीं नारायणबगड़ मोटर मार्ग आमछोड़ के पास भारी मलबा आने से पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर इतना अधिक मलबा जमा हो गया है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। मार्ग बंद होने से क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना देकर जल्द से जल्द मार्ग खोलने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
मौसम विभाग के भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।