चमोली। निजमुला घाटी की विभिन्न समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को गोपेश्वर में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप से मुलाकात की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर बिष्ट की अध्यक्षता में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान में लगातार हो रहे भूस्खलन और लंबे समय से निर्माणाधीन झींझी मोटर पुल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि काली चट्टान पर पिछले वर्ष से लगातार भूस्खलन होने के कारण निजमुला घाटी के करीब 12 गांवों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। यह क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। भूस्खलन के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर गढ़वाल आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज से स्थिति की जानकारी ली और समस्या की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए।
वहीं, वर्ष 2019 से निर्माणाधीन झींझी मोटर पुल का निर्माण अब तक पूरा नहीं होने का मामला भी उठाया गया। पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने आयुक्त को नवंबर माह तक पुल का निर्माण पूरा करने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों को भी नवंबर तक पुल निर्माण पूरा होने का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा झींझी पुल से पाणा गांव तक बंद पड़े मोटर मार्ग को तत्काल खुलवाने की मांग की गई। इस पर गढ़वाल आयुक्त ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को मार्ग को तत्काल खोलने के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, महेंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा नेगी, ग्राम प्रधान पाणा राजीव कुमार, ग्राम प्रधान झींझी मोहन नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मण खाती, क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्ण सिंह, ग्राम प्रधान मोली भगत सिंह, ब्यारा के पूर्व प्रधान बृज कुमार, कान सिंह बिष्ट, भरत राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








