Home उत्तराखंड भालू के हमले में ग्रामीण गंभीर घायल, आबादी के आसपास बढ़ी सक्रियता...

भालू के हमले में ग्रामीण गंभीर घायल, आबादी के आसपास बढ़ी सक्रियता से दहशत

1
0

उत्तरकाशी। सीमांत विकासखंड भटवाड़ी के मल्ला गांव में सोमवार सुबह भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में भालू की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे 55 वर्षीय जगबीर सिंह रावत पुत्र स्वर्गीय तेग सिंह रावत अपनी छान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में जगबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल जगबीर सिंह को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल उत्तरकाशी रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, मल्ला गांव और आसपास के क्षेत्रों में भालू की सक्रियता पिछले कुछ समय से बढ़ी हुई है। भालू को कई बार आबादी और घरों के आसपास देखा जा चुका है, जिससे ग्रामीण पहले से ही भय के माहौल में हैं। सोमवार को हुए हमले के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।