चमोली। पितृ पक्ष के चलते बदरीनाथ धाम में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में ब्रह्मकपाल पहुंचकर अपने पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। पितृ पक्ष के दौरान अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।

वहीं, इस वर्ष बदरीनाथ धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 19 लाख के पार पहुंच गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस ने यात्रा मार्ग से लेकर धाम क्षेत्र तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा पार्किंग स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
एसपी कर रहे ग्राउंड जीरो की मॉनिटरिंग

पितृ पक्ष के दौरान ब्रह्मकपाल में बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। एसपी अब तक तीन बार बदरीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट भी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
चमोली पुलिस का कहना है कि पितृ पक्ष के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी पर तैनात किया गया है। प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले तथा वे बिना किसी परेशानी के बदरीनाथ धाम के दर्शन और ब्रह्मकपाल में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कर सकें।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








