Home एक नज़र में वायु सेना दिवस पर गोपेश्वर महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित

वायु सेना दिवस पर गोपेश्वर महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित

2
0

गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर की एनसीसी इकाई की ओर से बुधवार को वायु सेना दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय वायु सेना के साहस, शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की संयोजक एवं एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. ज्योति टम्टा ने भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपरा, वीरता और राष्ट्र की सुरक्षा में उसके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेट्स से वायु सेना के अनुशासन, नेतृत्व, साहस और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
संगोष्ठी में वक्ता डॉ. बलदेव राम ने भारतीय वायु सेना की भूमिका, संगठन, विभिन्न करियर अवसरों तथा एनसीसी कैडेट्स के लिए उपलब्ध प्रवेश एवं प्रोत्साहन के अवसरों की जानकारी दी। डॉ. डीएन जोशी ने वायु सेना के इतिहास और उसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. जेएमएस नेगी ने भारतीय वायु सेना की स्थापना, विभिन्न सैन्य अभियानों और वर्तमान में वायु सेना की उपलब्धियों की जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स सहित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।