Home उत्तराखंड बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई...

बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण

7
0

बाजपुर। बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने बाजपुर पहुंचकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर खेतों में पहुंचे और फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और कठिनाइयों को सुना।
शीघ्र सर्वेक्षण कर राहत देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण करने और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। नुकसान के आकलन से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक की पूरी प्रक्रिया तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाए।