परीक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के दिए निर्देश
जनपद में उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित श्रीवास्तव ने रविवार को जनपद चमोली के सभी पांच परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया

इस दौरान अधिकारियों ने अटल उत्कृष्ट श्री 1008 गीता स्वामी राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल गोपेश्वर, पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर, क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण गोपेश्वर तथा राजकीय नर्सिंग कॉलेज पटियालधार गोपेश्वर में पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच एवं प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा यातायात एवं कानून व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनुचित गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने को कहा।
अधिकारियों ने सभी परीक्षा केन्द्रों पर तैनात कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।








