Home उत्तराखंड ‘ग्राउंड जीरो’ पर डीएम-एसपी की लगातार मॉनिटरिंग से सुगम बनी चारधाम यात्रा

‘ग्राउंड जीरो’ पर डीएम-एसपी की लगातार मॉनिटरिंग से सुगम बनी चारधाम यात्रा

3
0

बद्रीनाथ धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं से संवाद कर लिया फीडबैक, उत्कृष्ट सेवा देने वाले जवान हुए सम्मानित।

श्री बद्रीनाथ धाम की विश्वप्रसिद्ध पावन यात्रा को प्रारंभ हुए लगभग एक माह पूर्ण होने जा रहा है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन हेतु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। भारी भीड़, बदलते मौसम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद *चमोली प्रशासन और पुलिस की लगातार मॉनिटरिंग तथा ग्राउंड लेवल पर सक्रिय मौजूदगी के चलते यात्रा सुरक्षित व व्यवस्थित रुप से संचालित हो रही है।*

इसी क्रम में *जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार* एवं *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* द्वारा चमोली से श्री बद्रीनाथ धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने *संवेदनशील स्लाइडिंग जोनों, पहाड़ी कटिंग क्षेत्रों, संकरे मार्गों एवं संभावित भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया।* संबंधित विभागों, बीआरओ, एनएच, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थलों पर 24×7 अलर्ट मोड में कार्य किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि *जेसीबी, पोकलैंड, हाइड्रा, मलबा हटाने वाली मशीनें एवं पर्याप्त मैनपावर हर समय मौके के समीप तैयार रखे जाएं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मार्ग को न्यूनतम समय में पुनः सुचारू किया जा सके।*

बीआरओ कैंप ज्योतिर्मठ में बीआरओ के कर्नल अंकुर महाजन के साथ बैठक कर *ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक खराब सड़क की मरम्मत एवं हाथी पर्वत के नीचे सड़क कटाव की समस्या को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।* इस दौरान बीआरओ एवं एनएच अधिकारियों के साथ *ज्योतिर्मठ-मारवाडी के मध्य वाहनों की आवाजाही में आ रही दिक्कतों का स्थलीय निरीक्षण* कर इसे शीघ्र दुरुस्त करने तथा यातायात संचालन को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों, यातायात कर्मियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार एवं सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था, बैरियर व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं मेडिकल सहायता व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की गई।

इसके पश्चात डीएम एवं एसपी श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे, जहां भगवान बद्रीविशाल के दर्शन करने के उपरांत मंदिर क्षेत्र, *दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।* दोनों अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों से आए *श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक* लिया। श्रद्धालुओं ने पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए यात्रा को पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित और सुगम बताया।

इस दौरान अधिकारियों द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम में पार्किंग व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा यात्रियों को आने वाली समस्याओं एवं पार्किंग संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके पश्चात *डीएम एवं एसपी माणा पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम प्रधान माणा धर्मेन्द्र चौहान, पूर्व ग्राम प्रधान माणा पीताम्बर मोल्फा एवं संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर यात्रा संचालन एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।* अधिकारियों द्वारा *माणा पार्किंग एवं घस्तोली पार्किंग* का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद श्री बद्रीनाथ थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें *चारधाम यात्रा के दौरान उत्कृष्ट कार्य, अनुशासित ड्यूटी एवं सराहनीय सेवा* देने वाले जवानों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया।

डीएम एवं एसपी ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि देवभूमि आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए मित्र, मार्गदर्शक एवं संकटमोचक की भूमिका भी निभा रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान उप-जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डे, उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चन्द्रशेखर वशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक होशियार पंखोली, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) दक्ष शोखंद, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) दिवेश उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक चमोली राकेश भट्ट, प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत, थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।