बेहतर प्रबंधन का असर, पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं की हो रही सराहना
उत्तरकाशी। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 ने अपने पहले ही माह में आस्था और व्यवस्थाओं दोनों के स्तर पर मजबूत छाप छोड़ी है। 19 अप्रैल 2026 से शुरू हुई यात्रा में अब तक श्री गंगोत्री एवं श्री यमुनोत्री धाम में कुल 6,11,050 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही भीड़ के बावजूद यात्रा सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो रही है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और संतोष देखा जा रहा है।
जिला प्रशासन एवं उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार यात्रा की शुरुआत से ही व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं, जिनका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।
धामवार श्रद्धालुओं का आंकड़ा
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार
श्री यमुनोत्री धाम में 3,08,456 श्रद्धालु
श्री गंगोत्री धाम में 3,02,594 श्रद्धालु
ने अब तक दर्शन किए हैं।
इस अवधि में यात्रा पर आए श्रद्धालुओं में 3,22,778 पुरुष, 2,73,447 महिलाएं एवं 14,825 बच्चे शामिल रहे। वहीं कुल 59,877 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया, जिनमें 15,070 बड़े और 44,807 छोटे वाहन शामिल हैं।
पुलिस-प्रशासन की सख्त और सुदृढ़ व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे यात्रा मार्ग को 2 सुपरजोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
यात्रा मार्ग एवं धाम क्षेत्र में पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, होमगार्ड एवं पीआरडी के जवान लगातार तैनात हैं। इसके अलावा बीडीएस, एटीएस और क्यूआरटी टीमों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय रखा गया है।
आधुनिक तकनीक से निगरानी
यात्रा की निगरानी के लिए 200 सीसीटीवी कैमरे और 3 ड्रोन लगातार सक्रिय हैं। वहीं यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए 43 मोटरसाइकिल, 2 इंटरसेप्टर, 4 हाईवे पेट्रोल यूनिट और 2 क्रेन 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं।
यात्रियों को मिल रही सुविधाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12 टूरिस्ट पुलिस केंद्र और 2 बायोमैट्रिक केंद्र स्थापित किए गए हैं। 18 हॉल्टिंग प्वाइंट्स पर पीए सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक सूचना एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
यात्रा मार्ग पर विश्राम स्थल, भोजन, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस की मानवीय पहल
यात्रा के दौरान उत्तरकाशी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कई सराहनीय कार्य किए हैं। अब तक
11 श्रद्धालुओं को मेडिकल सहायता
12 खोए मोबाइल फोन एवं 11 बैग/पर्स की वापसी
600 से अधिक दिव्यांग श्रद्धालुओं को यात्रा एवं दर्शन में सहायता
प्रदान की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम
संवेदनशील स्थानों पर बॉटलनेक प्वाइंट, भूस्खलन क्षेत्र एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित चेकिंग एवं तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
प्रशासन की अपील
उत्तरकाशी पुलिस एवं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से जारी रह सके।
कुल मिलाकर चारधाम यात्रा 2026 इस समय “सुरक्षा, सुविधा और सुगमता” के संदेश के साथ सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है और प्रशासनिक व्यवस्थाएं लगातार श्रद्धालुओं का भरोसा मजबूत कर रही हैं।








