चमोली जिले के रुद्रनाथ मार्ग पर लवीठी बुग्याल के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रुद्रनाथ मार्ग स्थित लवीठी बुग्याल के पास एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान अजय बिष्ट पुत्र दर्शन बिष्ट, निवासी ग्राम कुंजो, जनपद चमोली के रूप में हुई है। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू की। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।








