Home उत्तराखंड हरेला महोत्सव पर जिला न्यायालय गोपेश्वर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का...

हरेला महोत्सव पर जिला न्यायालय गोपेश्वर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

1
0

गोपेश्वर, 16 जुलाई। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली एवं वन विभाग, चमोली के संयुक्त तत्वावधान में हरेला महोत्सव के अवसर पर बुधवार को जिला न्यायालय परिसर, गोपेश्वर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विंध्यांचल सिंह ने की। इस दौरान फलदार एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश विंध्यांचल सिंह के साथ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौसर, प्रभागीय वनाधिकारी बद्रीनाथ सर्वेश दुबे, प्रभागीय वनाधिकारी अलकनंदा प्रियंका, जिला न्यायालय चमोली के अधिकारी-कर्मचारी तथा वन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश विंध्यांचल सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वृक्ष वायुमंडल से हानिकारक प्रदूषकों एवं कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली पुनीत कुमार ने बताया कि जनपद में 1 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक वन विभाग, उद्यान विभाग, गैर-सरकारी संगठनों एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपने-अपने क्षेत्रों में वन विभाग एवं सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।