Home उत्तराखंड सपनों को मिली उड़ान: राजभवन में चमका ज्योतिर्मठ की बेटियों का नवाचार

सपनों को मिली उड़ान: राजभवन में चमका ज्योतिर्मठ की बेटियों का नवाचार

3
0

देहरादून स्थित लोक भवन में गुरुवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं और नवाचारों को नई पहचान मिली। माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा ए-रूम का उद्घाटन किया गया, जहाँ टेक्नोलॉजी हब के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों से चयनित 108 अभिनव आइडियाज की प्रदर्शनी लगाई गई।

कार्यक्रम में टेक्नो हब के आई-थीम रूम के डायरेक्टर सिद्धार्थ माधव ने बताया कि उत्तराखंड के 13 जिलों से चयनित इन आइडियाज का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को तकनीक और नवाचार से जोड़ना है। इस दौरान कक्षा 9 की छात्रा कुमारी असमी के आइडिया को विशेष सराहना मिली। माननीय राज्यपाल ने स्वयं कुमारी असमी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में पीएम श्री जीआईसी ज्योतिर्मठ की प्रधानाचार्य श्रीमती उर्मिला बहुगुणा को भी AI मिशन इनोवेशन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार और विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने के प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

इस अवसर पर दूरस्थ विद्यालयों के नवोदित बाल वैज्ञानिकों को मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से “आई ऑन बिल” पहल का शुभारंभ भी किया गया। राज्यपाल महोदय ने छात्राओं के अभिनव विचारों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटियां आज विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं।

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की छात्राएं कुमारी दिव्या, कुमारी अनन्या और कुमारी अंकिता ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। राजभवन में अपनी उपस्थिति दर्ज कर इन छात्राओं ने विद्यालय और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि युवाओं को सही मंच और मार्गदर्शन मिले, तो उनके सपनों को सच होने से कोई नहीं रोक सकता।