Home उत्तराखंड हरिद्वार में रिश्वत लेते महिला एएसआई गिरफ्तार, 10 हजार रुपये की घूस...

हरिद्वार में रिश्वत लेते महिला एएसआई गिरफ्तार, 10 हजार रुपये की घूस के साथ विजिलेंस ने दबोचा

7
0

हरिद्वार। लेनदेन के विवाद में समझौता कराने के नाम पर रिश्वत मांगना रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सोनिया को भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग की टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए उसे शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सतर्कता विभाग को टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत मिली थी कि रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई दूसरे पक्ष के साथ चल रहे लेनदेन के विवाद को निपटाने और समझौता कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की मांग कर रही है। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद सतर्कता सेक्टर देहरादून के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने शनिवार, 10 अक्टूबर को सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए महिला एएसआई को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
सतर्कता विभाग ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराएं।