Home उत्तराखंड एकता नगर में 151वीं जयंती पर भव्य एकता परेड, रही ‘नक्सल मुक्त...

एकता नगर में 151वीं जयंती पर भव्य एकता परेड, रही ‘नक्सल मुक्त भारत’ की थीम

0
0

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज 31 अक्टूबर 2026 को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर, केवड़िया स्थित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में भव्य राष्ट्रीय एकता परेड का आयोजन किया गया। इस वर्ष परेड की थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रही। समारोह में *माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी* मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

परेड में विभिन्न अर्धसैनिक बलों, राज्य पुलिस की टुकड़ियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा का परिचय देते हुए आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।

*चमोली पुलिस के सभी थानों में हुआ लाइव प्रसारण, युवाओं ने भी देखी एकता परेड*

राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन को जनपद चमोली में भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी थाना परिसरों में राष्ट्रीय एकता परेड का लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की और पूरे उत्साह के साथ परेड का अवलोकन किया।

मुख्य कार्यक्रम कोतवाली गोपेश्वर में आयोजित हुआ, जहां *पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड श्री धीरेन्द्र गुंज्याल* एवं *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* की गरिमामयी उपस्थिति में बड़ी संख्या में लोगों ने एलईडी स्क्रीन पर एकता परेड का सीधा प्रसारण देखा।

इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश की एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कानून का सम्मान, आपसी सहयोग और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ही एक मजबूत एवं सुरक्षित राष्ट्र की आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।